मंगलुरु एयरपोर्ट पर CISF ने लौटाया 10 हजार डॉलर से भरा पर्स, ईमानदारी की मिसाल बनी सुरक्षा टीम

मंगलुरु, कर्नाटक
मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट कर्मचारियों ने ईमानदारी और सतर्कता का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। दुबई से आए एक यात्री का एयरपोर्ट परिसर में छूट गया पर्स न केवल सुरक्षित मिला, बल्कि उसमें मौजूद लाखों रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और अन्य कीमती सामान भी पूरी तरह सुरक्षित हालत में उसे वापस सौंप दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6:15 बजे पार्किंग क्षेत्र में बैगेज ट्रॉली पर एक काला पर्स लावारिस हालत में देखा गया। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बिना देर किए इसकी सूचना सीआईएसएफ को दी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पर्स को सिक्योरिटी ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर पहुंचाया गया, जहां बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ने उसकी जांच की। जांच में किसी भी तरह का सुरक्षा खतरा नहीं मिलने के बाद पर्स खोला गया।
पर्स के भीतर 10 हजार अमेरिकी डॉलर, 500 यूएई दिरहम, पासपोर्ट, आईफोन, सोने की अंगूठी, बैंक कार्ड और बोर्डिंग पास सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
इसके बाद सीआईएसएफ अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे पता चला कि संबंधित यात्री एयरपोर्ट से बाहर जा चुका है। बोर्डिंग पास के आधार पर एयरलाइन से यात्री की संपर्क जानकारी प्राप्त की गई और उसे तुरंत फोन कर पर्स मिलने की सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद यात्री वापस एयरपोर्ट पहुंचा। अधिकारियों ने उसकी पहचान और दस्तावेजों का मिलान करने के बाद पूरा सामान सुरक्षित उसके हवाले कर दिया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने खुशी जताई और वीडियो संदेश के माध्यम से सीआईएसएफ तथा एयरपोर्ट प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि एयरपोर्ट सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ केवल यात्रियों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि उनकी संपत्ति की रक्षा के प्रति भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपना कर्तव्य निभा रही है।






