अपराधराष्ट्रीय

BRO फंड गबन मामले में CBI का बड़ा एक्शन, लद्दाख से असिस्टेंट इंजीनियर और दो एजेंट गिरफ्तार

लेह, लद्दाख।
सीमा सड़क संगठन (BRO) के फंड के कथित गबन मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लद्दाख के करगिल क्षेत्र से एक असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) और श्रमिक उपलब्ध कराने वाले दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रक्षा मंत्रालय से प्राप्त शिकायतों के आधार पर दर्ज मामले की जांच के दौरान की गई।

सीबीआई के मुताबिक, आरोपित असिस्टेंट इंजीनियर खात्से-बटालिक सेक्टर में प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। जांच में आरोप है कि उन्होंने दो एजेंटों के साथ मिलकर ऐसे श्रमिकों के नाम पर भुगतान जारी कराया जो वास्तविक रूप से कार्यस्थल पर मौजूद ही नहीं थे। इस कथित फर्जी भुगतान के जरिए सरकारी धन का गबन किया गया।

जांच एजेंसी का कहना है कि फर्जी भुगतान से प्राप्त राशि बाद में एजेंटों ने कथित तौर पर असिस्टेंट इंजीनियर के बैंक खाते में जमा कराई। सीबीआई अब बैंक खातों, भुगतान रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई से पहले सीबीआई ने लद्दाख में बीआरओ की विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में चार एफआईआर दर्ज की थीं। साथ ही लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुल 26 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए गए।

सीबीआई का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों को संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी इस बात की भी जांच कर रही है कि कथित गबन में अन्य अधिकारी या निजी व्यक्ति शामिल थे या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button