अपराधमध्य प्रदेश

गुना में गर्भवती पत्नी को 8 लाख में बेचने का आरोप, पति ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई मदद की गुहार

गुना, मध्य प्रदेश।
गुना जिले में एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी को आठ लाख रुपये में बेच दिए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसकी पत्नी को विदिशा जिले में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बंदरगड़ा निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू बंजारा अपनी मां और परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत में बताया कि उनकी शादी अटा-सटा प्रथा के तहत घूंघरी पहाड़ी निवासी गंगाराम की बेटी बतूल बाई से हुई थी। इसके बदले उनकी बहन की शादी गंगाराम के बेटे से तय की गई थी।

जितेंद्र के अनुसार, उनकी बहन नाबालिग होने के कारण उसकी विदाई नहीं हुई। आरोप है कि इसी वजह से नाराज होकर ससुर अपनी बेटी को तीन महीने पहले गेहूं की कटाई का बहाना बनाकर मायके ले गए। बाद में जब वह पत्नी को वापस लाने पहुंचे तो ससुराल पक्ष ने यह कहते हुए मना कर दिया कि पहले उनकी बहन की विदाई कराई जाए।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी पत्नी पांच माह की गर्भवती है और उनका तीन वर्षीय बेटा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को विदिशा जिले में आठ लाख रुपये में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। इस विवाद को लेकर समाज की पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन पत्नी को वापस नहीं भेजा गया।

राघौगढ़ एसडीओपी दीपा डोडवे ने बताया कि शिकायतकर्ता सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे थे। अब उन्हें राघौगढ़ थाने बुलाकर पूरे मामले की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button